एक माह तक चले द्वितीय जल-महोत्सव का समापन 15 जनवरी को

एक माह तक चले द्वितीय जल-महोत्सव का समापन 15 जनवरी को

मध्यप्रदेश पर्यटन टूरिज्म कॉम्प्लेक्स परिसर हनुवंतिया में पिछले एक माह चल रहे किद्वतीय जल-महोत्सव का समापन रविवार 15 जनवरी को शाम 6 बजे होगा। समापन समारोह में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री थावरचंद गेहलोत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री नंदकुमार सिंह चौहान करेंगे। ऊर्जा मंत्री श्री पारस चन्द्र जैन, पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सुरेन्द्र पटवा, राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री तपन भौमिक और विधायक श्री लोकेन्द्र सिंह तोमर विशेष अतिथि होंगे।

द्वितीय जल-महोत्सव में सैलानियों के लिये लगभग 125 स्विस टेंट लगाए गए। फूड जोन, क्राफ्ट बाजार एवं मध्यप्रदेश पर्यटन पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। िद्वतीय जल-महोत्सव के दौरान लगभग 5 लाख से अधिक सैलानियों ने हनुवंतिया का भ्रमण किया।

हनुवंतिया में कश्मीर के शिकारा और केरल की तर्ज पर इस बार हाउस-बोट का संचालन महत्वपूर्ण आकर्षण रहा। यहाँ क्रूज, मोटर-बोट और जलपरी का संचालन पहले से ही किया जा रहा है। रोमांचक एवं साहसिक पर्यटन पर केन्द्रित विभिन्न गतिविधियाँ हुई। इनमें वॉटर स्पोटर्स, आइलेण्ड केम्पिंग, एडवेंचर एक्टिविटीज-हॉट एयर बलूनिंग, पेरा सेलिंग, पेरा मोटर्स, स्टार गेजिंग, वॉटर स्कीइंग, जेट स्कीइंग, वॉटर जॉर्बिंग, बर्मा ब्रिज, आर्टिफिशियल क्लाइंबिंग बॉल, बर्ड वॉचिंग, ट्रेकिंग, ट्रीजर हंट, नाइट केम्पिंग एवं योगा केम्प आदि गतिविधियाँ शामिल हैं। इनके अतिरिक्त क्राफ्ट बाजार के जरिये हथकरघा वस्तुओं का प्रदर्शन, सांस्कृतिक गतिविधियों पर केन्द्रित कार्यक्रम आदि का आयोजन भी किया गया।

एक माह के महोत्सव के दौरान दूर-दूर से आए पर्यटकों ने हनुवंतिया वॉटर स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स परिसर में विकसित सुविधाओं का लाभ उठाया। वहीं मौसम अनुकूल होने पर पानी के विशाल जल भण्डार में सैर का लुत्फ भी उठाया। खास तौर से वीकेंड, वर्षांत एवं नव-वर्ष 2017 का स्वागत करने तथा अन्य अवकाश दिवसों में पर्यटकों की भारी आवाजाही रही। यह इस बात का प्रतीक है कि जल-पर्यटन के क्षेत्र में हनुवंतिया ने अपना एक विशिष्ट स्थान बना लिया है। इस मनोरम स्थल की प्रसिद्धि चहुँओर फैल रही है।