एमपी बनेगा देश का No.1 प्रदेश, नितिन गडकरी ने किया प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन

एमपी बनेगा देश का No.1 प्रदेश, नितिन गडकरी  ने किया प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन

छतरपुर जिले के नौगाँव में आज प्रदेश को एक बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में 1386 करोड़ 03 लाख रूपये लागत से निर्मित होने वाले 220.440 किलोमीटर के आधुनिकतम राजमार्गों का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास हुआ। समारोह में अतिथियों ने राष्ट्रीय राजमार्गों की 3 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी भूमि-पूजन एवं शिलान्यास किया।

केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश का नम्बर-1 राज्य बनेगा। प्रदेश का लगातार विकास हो रहा है। सड़कों के निर्माण से रोजगार एवं उद्योग बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के लिये गौरव की बात है कि पिछले चार वर्ष से प्रदेश की कृषि विकास दर देश में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, उद्योग आदि के क्षेत्र में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। श्री गडकरी ने इस मौके पर मध्यप्रदेश को आने वाले 2 वर्ष में सड़क निर्माण के लिये 2 लाख करोड़ रूपये देने की घोषणा की। श्री गडकरी ने बताया कि देश की विभिन्न नदियों का जल-मार्ग में रूपांतरण किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश की नर्मदा नदी भी शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख करोड़ रूपये की लागत से राष्ट्रीय महामार्ग बनाये जायेंगे।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बुंदेलखण्ड को विकास की दृष्टि से कभी पीछे नहीं रहने दिया जायेगा। मध्यप्रदेश में सड़कों के क्षेत्र में इतिहास रच गया है। सिंचाई के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। इसके परिणाम स्वरूप पंजाब एवं हरियाणा को भी हम पीछे छोड़ देंगे। श्री चौहान ने कहा कि बुंदेलखण्ड में साढ़े चार लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई परियोजनाएँ बनी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखण्ड को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र बनाया जायेगा। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा उठाये कदमों की जानकारी देते हुए बताया कि उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने पर सरकार द्वारा फीस की व्यवस्था की जा रही है। गरीब को मकान देने के लिये सरकार कानून बनाने जा रही है। वर्ष 2022 तक कोई भी गरीब प्रदेश में बिना मकान के नहीं रहेगा। श्री चौहान ने केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी से प्रदेश के 2021 किलोमीटर के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण करवाने का आग्रह किया। श्री गडकरी ने समारोह में ही इसके लिये सहमति प्रदान की।

आज जिन परियोजनाओं की आधार-शिला रखी गयी, इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 75/76 के खण्ड छातीपहाड़ी (मध्यप्रदेश/उत्तर प्रदेश सीमा) से खजुराहो तक के फोरलेन सड़क बनायी जायेगी। इसकी कुल लम्बाई 85.400 किलोमीटर और लागत 920.46 करोड़ रूपये है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 86 अनगोर-छतरपुर मध्यप्रदेश/उत्तर प्रदेश सीमा के किलोमीटर 131 से किलोमीटर 189/4 में दो लेन के कार्य किये जायेंगे। इसकी कुल लम्बाई 44.700 किलोमीटर और लागत 178 करोड़ 23 लाख रूपये है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 86 विस्तार साँची-सागर के किलोमीटर 81 से किलोमीटर 175 में टू लेन का कार्य किया जायेगा। इसकी कुल लम्बाई 90.340 किलोमीटर-लागत 287 करोड़ 34 लाख रूपये के कार्य शामिल हैं।

समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुश्री कुसुम महेदेले, लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती ललिता यादव, सांसद श्री नागेन्द्र सिंह, विधायक श्री मानवेन्द्र सिंह, इंजीनियर श्री प्रदीप लारिया, श्री अनिल जैन, श्री पुष्पेन्द्र नाथ पाठक, श्री आर.डी. प्रजापति, बुंदेलखण्ड विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व राज्य मंत्री श्री हरिशंकर खटीक सहित अन्य जन-प्रतिनिधि और जन-समुदाय उपस्थित था।