मोदी चीन बॉर्डर पर मनाएंगे दिवाली

मोदी चीन बॉर्डर पर मनाएंगे दिवाली

नई दिल्ली. नरेंद्र मोदी इस बार भी दिवाली जवानों के साथ मनाएंगे। इस बार वे उत्तराखंड में भारत-चीन बॉर्डर इलाके में माना पोस्ट पर तैनात आईटीबीपी के जवानों से मुलाकात करेंगे। शनिवार को मोदी चमोली डिस्ट्रिक्ट पहुंचेंगे। पहले बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। इस दौरान उनके साथ नेशनल सिक्युरिटी एडवाइजर अजीत डोभाल भी होंगे। इस बीच, मोदी के "सन्देश टू सोल्जर" कैम्पेन के तहत अब तक 10 लाख से ज्यादा शुभकामना संदेश जवानों को भेजे जा चुके हैं। लगातार तीसरी दिवाली जवानों के साथ

- केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने शुक्रवार को यह जानकारी दी कि पीएम मोदी उत्तराखंड के माना टाउन में दिवाली मनाएंगे।
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोदी 29 अक्टूबर को सुबह दिल्ली से वायुसेना के खास विमान से गौचर पहुंचेंगे।
- सुबह पहले वह भगवान बद्रीनाथ के दर्शन करेंगे। पूजा-अर्चना के बाद माना में मौजूद आईटीबीपी के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे, चाय नाश्ता भी करेंगे।
- बता दें कि उत्तराखंड में चीन से लगे बॉर्डर पर माना भारत का आखिरी गांव है।
- पीएम बनने के बाद मोदी लगातार तीसरी बार जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे।
- पिछले साल उन्होंने अमृतसर के खासा में डोगराई वॉर मेमोरियल का दौरा किया था।
- जबकि 2014 में सियाचिन में जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। यहां दुनिया में सबसे ज्यादा ऊंचाई पर आर्मी पोस्ट है।
लोगों से की है जवानों को शुभकामनाएं भेजने की अपील
- मोदी ने बीते सोमवार को लोगों से अपील की थी कि वह आर्मी और सिक्युरिटी फोर्सेज पर्सनल को दिवाली पर अपनी शुभकामनाएं भेजें।
- महोबा में एक रैली में मोदी ने कहा था- 'मैंने लोगों से अपील करता हूं कि वे दीवाली पर आर्मी, नेवल फोर्स, एयर फोर्स और सभी सिक्युरिटी फोर्सेज के जवानों को अपनी शुभकामनाएं भेजकर उनका मनोबल बढ़ाएं।'
क्या है "सन्देश टू सोल्जर" कैम्पेन?
- मोदी ने 23 अक्टूबर से सरहद पर तैनात जवानों को संदेश भेजने का कैम्पेन शुरू किया है।
-"सन्देश टू सोल्जर" हैशटैग के साथ बीते रविवार को मोदी ने ट्विटर पर लिखा था, 'देशवासी जब सैनिकों के साथ खड़े होते हैं तो उनकी ताकत सवा सौ करोड़ गुना बढ़ जाती है। मैंने अपना मैसेज भेज दिया है। आप भी जरूर भेजिए। आपके संदेश जवानों की खुशियां बढ़ा सकते हैं।'
- 'आइए दिवाली पर सीमा की निगरानी कर रहे जवानों के साहस को याद करें। जय हिंद।'
- इस कैम्पेन में MyGov.in, ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन को भी शामिल किया गया है, जो सेना के लिए जनता की भावना देश को दिखा रहे हैं।
- अब तक कई चीफ मिनिस्टर्स, कैबिनेट मिनिस्टर्स और सांसद जवानों को संदेश भेज चुके हैं।
- अक्षय कुमार, वीरेंद्र सेहवाग, विराट कोहली, आनंद महिंद्रा जैसी हस्तियों समेत 10 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं।
- केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है कि वह इस कैम्पेन के तहत मणिपुर में असम राइफल्स और सीआरपीएफ के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे।
चीन-पाक के साथ रिश्तों में तनाव
- बता दें कि 28 सितंबर को PoK में हुए इंडियन आर्मी के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत-पाक बॉर्डर पर तनाव बढ़ गया है।
- आतंकी घुसपैठ की कोशिश में हैं। पाक रेंजर्स कश्मीर में सीजफायर तोड़कर फायरिंग कर रहे हैं।
- चीन के साथ भी सरहद पर भारत के रिश्ते कभी अच्छे नहीं रहे हैं। चीनी जवानों की घुसपैठ की खबरें कई बार आ चुकी हैं।
- एनएसजी, मसूद अजहर के मुद्दे पर चीन ने भारत का विरोध किया है। दीवाली पर भारत में चीनी प्राेडक्ट्स के बायकॉट को लेकर उसने भारत को वॉर्निंग भी दी है।